हत्यारे नसीम की तलाश में रातभर दबिश देती रहीं पुलिस टीमें -आरोपी के आज पकड़े जाने की संभावना, खुद को बताता है गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा

हत्यारे नसीम की तलाश में रातभर दबिश देती रहीं पुलिस टीमें
-आरोपी के आज पकड़े जाने की संभावना, खुद को बताता है गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा
भोपाल यशभारत।
राजधानी के छोला मंदिर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते सरेराह गोली मारकर हत्या करने वाले हत्यारे नसीम खा और उसके साथियों की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीमें रातभर भोपाल और आसपास के जिलों सहित हर संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। लेकिन आरोपी और उसकी गैंग के सदस्य पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस टीमों ने आसपास के तीन जिलों में अपना डेरा डाल रखा है। भोपाल के आधा द र्जन थाना प्रभारी, क्राइम ब्रांच और सायबर सेल के साथ आरोपियों को पकडऩे में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि संभवत: आज आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने फरार बदमाश पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
डीसीपी जोन-4 जितेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि खटीक मोहल्ला ऐशबाग निवासी अमित वर्मा पुत्र राधेश्याम(24) अपने दोस्त राजा खटीक व अन्य दोस्तों के साथ शनिवार-रविवार की रात करीब एक बजे एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर लीलाधर कॉलोनी में राजा के घर पहुंचा था। जहां पर नसीम उर्फ बन्ने खा अपने साथी वसीम व अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया था। जहां पर नसीम ने पिस्टल से राजा खटीक पर फायर किए। इस दौरान राजा सामने से हट गया और गोली अमित के सिर व कमर के पास लगी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपी नसीम पुत्र बन्ने खां, वसीम व अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
हत्या से पहले व्हीआईपी रोड पर फैलाई दहशत-
जानकारी के मुताबिक हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले शनिवार रात करीब ग्यारह बजे आरोपी नसीम व अन्य दो ने बाइक पर सवार होकर व्हीआईपी रोड पर स्थित राजा भोज की प्रतिमा के सामने एक युवक के साथ पैसों की अड़ीबाजी की थी। इस दौरान आरोपियों ने तलवारें लहराकर दहशत फैलाई थी।
6 टीमें तलाश में जुटीं-
आरोपियों को पकडऩे के लिए छोला मंदिर, कोहेफिजा, गौतम नगर, निशातपुरा, गांधी नगर और क्राइम ब्रांच के साथ सायबर क्राइम पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीमें रातभर आरोपियों की तलाश में भोपाल और आसपास के जिलों में उनके हर संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
लॉरेंस गैंग का गुर्गा बताता है नसीम-
जानकारी के मुताबिक कुख्यात बदमाश नसीम खां मूलत: शुजालपुर का रहने वाला है और लंबे समय से भोपाल में अपराध कर रहा है। वह खुद को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई का गुर्गा बताता है। हॉलाकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी नसीम के पकड़े जाने के बाद पुलिस उससे लॉरेंस गैंग से संबंधों को लेकर भी पूछताछ करेगी।
इनका कहना है-
पुलिस की छह टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
हरिनारायण चारी मिश्र, पुलिस आयुक्त, भोपाल शहर







