बीच रोड पर पड़ा मलबे और मिट्टी का ढेर – राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी

बीच रोड पर पड़ा मलबे और मिट्टी का ढेर
– राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 71 की मालवा बीच रोड पर नाली निर्माण कार्य के बाद सड़क पर छोड़ी गई मिट्टी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पिछले दो दिनों से सड़क के बीचों-बीच मिट्टी का बड़ा ढेर पड़ा हुआ है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार क्षेत्र में नाली की सफाई और मरम्मत के लिए खुदाई का कार्य किया गया था। इस दौरान निकली बड़ी मात्रा में मिट्टी को सड़क पर ही छोड़ दिया गया, जिसे अब तक हटाया नहीं गया है। सड़क पर मिट्टी जमा होने से रास्ता काफी संकरा हो गया है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खासकर सुबह और शाम के समय जब क्षेत्र में यातायात अधिक रहता है, तब लोगों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। रहवासियों का कहना है कि मिट्टी के कारण पैदल चलने वालों को भी मुश्किल हो रही है। कई लोगों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। दोपहिया वाहन चालकों को भी मिट्टी के ढेर के कारण संतुलन बनाए रखने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मिट्टी नहीं हटाई गई तो बारिश या तेज हवा के कारण यह समस्या और बढ़ सकती है।
क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग द्वारा काम शुरू तो कर दिया गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद सफाई और व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मिट्टी हटाने की व्यवस्था कर दी जाती तो इस तरह की समस्या उत्पन्न नहीं होती।







