भोपाल

उद्योगों के लिए आसान हुई राह, अब 29 दिन में होगा भूमि आवंटन

उद्योगों के लिए आसान हुई राह, अब 29 दिन में होगा भूमि आवंटन
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने की प्रक्रिया को आसान और तेज करने के लिए राज्य सरकार ने अनुमतियों और भूमि आवंटन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले उद्योगों की स्थापना के लिए 76 प्रकार की अनुमतियां लेनी पड़ती थीं, लेकिन अब सिंगल विंडो प्रणाली के जरिए निवेशकों को तेजी से मंजूरी दी जा रही है। भूमि आवंटन में लगने वाला समय भी 50 से 60 दिन से घटाकर 29 दिन कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री बुधवार को खरगोन जिले की कसरावद तहसील के ग्राम पानवा में 106.35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित भदोरा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक इकाई शुरू होने से कसरावद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है। उद्योगों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
कपास उत्पादन में खरगोन की खास पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। खरगोन कपास उत्पादन के लिए प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। किसानों को राहत देने के लिए मंडी टैक्स कम करने सहित कई कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों और उद्योगों दोनों का विकास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार का लक्ष्य औद्योगिक निवेश के साथ ग्रामीण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी गति देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button