पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई, पुष्पेंद्र मिश्र , बेटा बेटियों की आत्महत्या ने परीक्षा व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल, परीक्षा तंत्र में व्यापक सुधार की मांग

पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई, पुष्पेंद्र मिश्र , बेटा बेटियों की आत्महत्या ने परीक्षा व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल, परीक्षा तंत्र में व्यापक सुधार की मांग
भोपाल, यश भारत । प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने यश भारत न्यूज़ से विशेष बातचीत में कहा कि पेपर लीक की घटनाएं देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं और इससे परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक ब्राह्मण छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चेतावनी है। वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद जब विद्यार्थियों को निष्पक्ष परीक्षा का भरोसा नहीं मिलता तो उनमें निराशा हताशा और मानसिक तनाव बढ़ता है। पुष्पेंद्र मिश्र ने कहा कि पेपर लीक अब किसी एक राज्य या परीक्षा तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह राष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुका है। बार बार प्रश्नपत्र लीक होने से मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है जबकि गलत तरीके अपनाने वालों को लाभ मिल रहा है। ऐसी स्थिति में युवाओं का परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष ने कहा कि यह मुद्दा केवल रोजगार या परीक्षा तक सीमित नहीं है बल्कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और उनके आत्मविश्वास से भी जुड़ा हुआ है। सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों का विश्वास बहाल करें और उन्हें निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराएं। पुष्पेंद्र मिश्र ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की है कि पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था लागू की जाए तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।







