जबलपुरमध्य प्रदेश

पनागर पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की बड़ी खेप, 20 कार्टून शराब सहित कार जब्त

एक गिरफ्तार,अन्य आरोपियों की तलाश

जबलपुर। पनागर पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1.80 लाख रुपये मूल्य की 196 लीटर 200 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त करीब 9 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की है।

थाना प्रभारी पनागर विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि 13 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से एनएच-30 मार्ग पर एक नीले रंग की बिना नंबर की कार में भारी मात्रा में शराब लेकर जबलपुर की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर हरिओम ढाबा के पास घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने उसका पीछा किया और मझौली बायपास के पास रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक ने कार वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम शेख समीर (34) निवासी टीवी टावर, कटंगा, थाना कैंट बताया। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिक्की में रखे 20 कार्टूनों से गोवा अंग्रेजी शराब, 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की, बैगपाइपर, आईकोनिक रम तथा मैजिक मोमेंट ब्रांड की कुल 98 पाव और 168 बोतलें बरामद हुईं।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह घमापुर स्थित बाई का बगीचा निवासी साहिल यादव और कांचघर झामनदास चौराहा निवासी निहाल नायडू के कहने पर दो हजार रुपये मजदूरी लेकर बहोरीबंद क्षेत्र से अज्ञात बोलेरो वाहन से शराब लोड कर जबलपुर ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले में बताए गए अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button