गुजरात में विकास की रफ्तार तेज: 891 करोड़ की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण, नई ट्रेन सेवा शुरू
जबलपुर, यश भारत

गुजरात में विकास की रफ्तार तेज: 891 करोड़ की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण, नई ट्रेन सेवा शुरू
जबलपुर, यश भारत।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 मार्च 2026 को गुजरात में 891 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए राज्य को बड़ी सौगात दी। इस दौरान खेडब्रह्मा–हिम्मतनगर रेल लाइन का उद्घाटन किया गया और खेडब्रह्मा–हिम्मतनगर–अहमदाबाद (असारवा) के बीच नई रेल सेवा की शुरुआत की गई। इसके साथ ही गांधीधाम–आदिपुर रेल लाइन के मल्टी-ट्रैकिंग कार्य और कानालुस–जामनगर रेल लाइन के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
इन परियोजनाओं के जरिए उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है, जिससे दूरस्थ और सीमावर्ती इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा। खेडब्रह्मा–हिम्मतनगर रेल लाइन से आदिवासी क्षेत्रों को पहली बार बेहतर रेल सुविधा मिली है, वहीं अहमदाबाद तक सीधा संपर्क स्थापित होने से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी।
गांधीधाम–आदिपुर रेल खंड में मल्टी-ट्रैकिंग से कंडला बंदरगाह से जुड़े माल परिवहन को गति मिलेगी, जिससे आयात-निर्यात गतिविधियों में तेजी आएगी। वहीं कानालुस–जामनगर रेल लाइन के दोहरीकरण से औद्योगिक क्षेत्रों, खासकर पेट्रोकेमिकल और रिफाइनरी सेक्टर को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।







