चुनाव आयोग के फैसलों के खिलाफ विपक्ष लामबंद, विवेक तन्खा बोले—देश सड़कों पर, यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

नई दिल्ली, यशभारत। चुनाव आयोग के फैसलों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में विपक्ष लामबंद है। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि विपक्ष का यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि देश सड़कों पर उतर आया है और यह प्रजातंत्र को बचाने की लड़ाई है।
तन्खा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगा। उनका कहना था कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के अधिकार सर्वोच्च हैं। यदि मतदाता सूची को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनका स्पष्ट और संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए।
विपक्षी दलों के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दों और एसआईआर की प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराई। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। इसी के विरोध में विपक्ष ने ‘सेव डेमोक्रेसीÓ मार्च का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने सरकार और चुनाव आयोग से मतदाता सूची की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने की मांग की। विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र में जनता का वोट और उसकी स्वतंत्रता से समझौता नहीं किया जा सकता।







