रेल मदद’ पर शिकायतों का औसतन 21 मिनट में निपटारा, 85% यात्री संतुष्ट

रेल मदद’ पर शिकायतों का औसतन 21 मिनट में निपटारा, 85% यात्री संतुष्ट
भोपाल,यशभारत। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्री सुविधा और शिकायत निवारण के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल द्वारा चलाए जा रहे ‘रेल मदद’ पोर्टल/एप के प्रभावी उपयोग के चलते अब यात्रियों की शिकायतों का समाधान औसतन मात्र 21 मिनट में किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप 85 प्रतिशत यात्रियों ने संतुष्टि व्यक्त की है।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और तनावमुक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए ‘रेल मदद’ को एक सशक्त मंच के रूप में विकसित किया है। रेलवे हेल्पलाइन 139 सहित सभी शिकायत माध्यमों को इस पोर्टल में एकीकृत किया गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
वॉर रूम ने बदला गेम
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि 16 जून 2024 को शुरू किए गए ‘रेल मदद वॉर रूम’ के कारण ही यह क्रांतिकारी परिवर्तन संभव हुआ है। वॉर रूम का मुख्य उद्देश्य शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
वॉर रूम के प्रभारी मयंक शर्मा ने इस प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग को तुरंत सूचित किया जाता है, यात्री से तत्काल संपर्क किया जाता है और समस्या के समाधान होने तक लगातार निगरानी रखी जाती है। उन्होंने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा और संतुष्टि मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विभागों में 24 घंटे समन्वय
इस व्यवस्था की सफलता में वाणिज्य, विद्युत, सी एंड डब्ल्यू, मेडिकल, और रेल सुरक्षा बल (RPF) सहित विभिन्न विभागों का 24 घंटे समन्वय महत्वपूर्ण रहा है। सभी विभागों के साझा प्रयासों से ही शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण संभव हो पाया है।







