देशभोपालमध्य प्रदेश

गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग पर एनएसयूआई का विशाल मशाल जुलूस

गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग पर एनएसयूआई का विशाल मशाल जुलूस

भोपाल यश भारत। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई ने सोमवार को राजधानी भोपाल में गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने और मध्यप्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर विशाल मशाल जुलूस निकाला। न्यू मार्केट क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों छात्र छात्राएं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता शामिल हुए। मशाल जुलूस के दौरान पूरे मार्ग में छात्र अधिकारों और गौ संरक्षण को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

मशाल जुलूस में पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल मंडलोई सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस के नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का अहम हिस्सा हैं लेकिन प्रदेश सरकार लंबे समय से इन्हें रोककर युवाओं की नेतृत्व क्षमता को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति लोकतंत्र की पहली पाठशाला होती है और इसे खत्म करना युवाओं की आवाज को दबाने जैसा है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय परिसरों में छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं लेकिन प्रदेश में गौवंश की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने गौशालाओं की बदहाल स्थिति और सड़कों पर घूम रहे गौवंश को सरकार की विफलता बताया। साथ ही गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित कर उनके संरक्षण के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्र राजनीति से डरती है इसलिए छात्र संघ चुनाव बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई बड़े नेता छात्र संघ राजनीति से निकलकर आए हैं और युवाओं को नेतृत्व का मंच मिलना चाहिए। एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि संगठन छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो एनएसयूआई प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगा। मशाल जुलूस में जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर और सैयद अल्तमस सहित छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान असलम चमड़े मामले में कमजोर जांच रिपोर्ट के चलते जमानत मिलने पर छात्रों में आक्रोश भी देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button