भोपाल में एन एस यू आई का विरोध प्रदर्शन कार्यकर्ताओं की रिहाई को लेकर उग्र तेवर, मोदी शाह का पुतला दहन

भोपाल में एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन कार्यकर्ताओं की रिहाई को लेकर उग्र तेवर, मोदी शाह का पुतला दहन
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में सोमवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया एनएसयूआई ने दूरदर्शन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए अपने कार्यकर्ताओं की रिहाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने आरोप लगाया कि दूरदर्शन के एक पत्रकार द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अनर्गल टिप्पणी की गई थी जिसके विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ता दिल्ली स्थित दूरदर्शन कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे थे। चौकसे ने कहा कि इस दौरान बीजेपी सरकार ने लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवा दिया और पिछले छह दिनों से उन्हें जेल में बंद रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। साथ ही देशभर में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित रखा गया






