फायरिंग के कुछ घंटों में प्रेमिका समेत दबोचा गया कुख्यात बदमाश
आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं

जबलपुर,यशभारत। गढ़ा थाना क्षेत्र में पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश करन विश्वकर्मा को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर उसकी प्रेमिका सोनाली बर्मन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल गंभीर वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि अपराधियों को कानून का सख्त संदेश भी मिला।
पुलिस के अनुसार, सूपाताल निवासी अंकित लखेरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करन विश्वकर्मा और सोनाली बर्मन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पिस्टल से दो राउंड फायर किए। गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जान बचाकर भागने के दौरान फरियादी दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट भी आई।घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी गढ़ा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता का परिणाम रहा कि फायरिंग जैसी गंभीर घटना को अंजाम देने वाले आरोपी 24 घंटे के भीतर ही पुलिस गिरफ्त में आ गए। गिरफ्तार आरोपी करन विश्वकर्मा के विरुद्ध गढ़ा थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह क्षेत्र का चिन्हित बदमाश माना जाता है।
पुलिस उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी तैयारी कर रही है, ताकि भविष्य में वह किसी भी आपराधिक गतिविधि को अंजाम न दे सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा, उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक नीरज तिवारी, ज्ञानेन्द्र पाठक, अच्छेलाल, बलजीत तथा आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, गौरव तिवारी और भगवान पटैल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







