फ्यूल कंट्रोल स्विच में नहीं मिली गड़बड़ी… एयर इंडिया विमान हादसे पर सरकार का बड़ा खुलासा
जबलपुर ,यश भारत

जबलपुर ,यश भारत.गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे को एक साल से भी ज्यादा समय हो चुका है. मामले की जांच को लेकर सरकार ने संसद में बताया कि इन्वेस्टिगेशन लास्ट स्टेज तक पहुंच चुकी है. इसके अलावा यह भी बताया गया कि जांच में एयरक्राफ्ट के फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग मैकेनिज्म में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है. विमान के थ्रस्ट कंट्रोल मॉड्यूल की डीटेल्ड इन्वेस्टिगेशन अमेरिका के सिएटल में चल रही है. अभी इसकी रिपोर्ट आना बाकी है.राज्यसभा में विमान हादसे को लेकर सिविल एविएशन मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि विमान के एडवांस टेस्टिंग में फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग मैकेनिज्म में कोई खराबी नहीं देखी गई.
सरकार ने इस बात को भी खारिज किया कि एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने AI-171 दुर्घटना पर अपनी फाइनल रिपोर्ट में देरी की थी. सरकार ने कहा कि मेजर एविएशन एक्सीडेंट्स की जांच जटिल होती है और नए सबूत सामने आने पर इसमें बदलाव होते रहते हैं, जिसके लिए निष्कर्ष निकालने से पहले डीटेल्ड टेक्निकल एनालिसिस की जरूरत होती है. सरकार ने कहा कि इंटरनेशनल प्रोटोकॉल के मुताबिक जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. सरकार की ओर से विमान हादसे की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. वहीं सरकार ने विमान उड़ा रहे पायलट के व्यवहार को लेकर इंटरनेशनल मीडिया में किए जा रहे दावों पर भी कोई टिप्पणी नहीं की है. हालांकि, ये जरूर कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सारे निष्कर्ष खुलकर बाहर आएंगे. बता दें कि इस हादसे की फाइनल रिपोर्ट AAIB अपनी ऑफीशियल वेबसाइट पर जारी करेगा. बता दें कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर बीते साल 12 जून 2025 को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के महज 32 सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. विमान एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से जा टकरा गया था, जिसमें लगभग 260 लोगों की मौत हुई थी. सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले पर सुनवाई हुई है. कोर्ट ने पिछले साल ही स्पष्ट कहा था कि जांच पूरी न होने तक क्रैश से जुड़ी जानकारी सीक्रेट रहनी चाहिए. अदालत ने कहा था कि जानकारी को टुकड़ों में लीक करने के बदले इसे तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचने तक सीक्रेट बनाए रखना चाहिए.







