भोपालमध्य प्रदेश

रोशनपुरा पहुंचे किसान, सीएम हाउस की ओर बढ़े कदम, राजधानी में हाई अलर्ट, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात 

रोशनपुरा पहुंचे किसान, सीएम हाउस की ओर बढ़े कदम, राजधानी में हाई अलर्ट, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
भोपाल, यश भारत । मूंग खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है । प्रदर्शन के दौरान किसानों का जत्था बुधवार शाम को रोशनपुरा चौराहे तक पहुंच गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर सीएम हाउस जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया।
इससे पहले प्रदर्शनकारी किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास का घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ किसानों के कपड़े फट गए। इसके बाद किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
रोशनपुरा चौराहे से सीएम हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस जवान सेफ्टी जैकेट और लाठी-डंडों के साथ तैनात हैं। बसों और डंपरों की मदद से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए गए। न्यू मार्केट, कमला पार्क, रोशनपुरा और मानसरोवर क्षेत्र सहित पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार सड़कों पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ।
उधर, किसानों की मांगों के समाधान के लिए मंत्रालय में तीन मंत्रियों के साथ किसानों के 15 प्रतिनिधियों की बैठक जारी रही। आंदोलनकारी किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ वार्ता के जरिए समाधान निकालने के प्रयास जारी रखे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button