लोकायुक्त की कार्यवाही : 8 हजार की रिश्वत लेते रोजगार सहायक गिरफ्तार

दमोह ।जिले की जबेरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत परासई में पदस्थ रोजगार सहायक राजेश सिंह लोधी को सागर लोकायुक्त पुलिस ने 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रोजगार सहायक ने हितग्राही से प्रधानमंत्री आवास (कुटीर) योजना की तीसरी किस्त जारी कराने के एवज रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त से की गई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत जबेरा और ग्राम पंचायत परासई में हड़कंप की स्थिति है। लोकायुक्त पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







