मूंग खरीदी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन किसानों के आंदोलन का समर्थन, कृषि मंत्री का पुतला फूंककर सरकार पर साधा निशाना

मूंग खरीदी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
किसानों के आंदोलन का समर्थन, कृषि मंत्री का पुतला फूंककर सरकार पर साधा निशाना
भोपाल, यश भारत। मूंग की शत प्रतिशत सरकारी खरीदी की मांग को लेकर राजधानी पहुंचे किसानों के समर्थन में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस किसान मोर्चा ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कृषि मंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को कृषि वर्ष घोषित किया है लेकिन हालात ऐसे हैं कि किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन्हें आंदोलन करने पर विवश कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से किसानों की मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की अपील की। उनका कहना था कि मूंग की शत प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित की जाए किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उन्हें समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिले। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह किसानों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है और उनकी मांगें पूरी होने तक उनके साथ खड़ी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।







