सोना-चांदी दोनों ऑलटाइम हाई पर: चांदी 10,825 उछलकर 1.75 लाख पार,
सोना 2,630 बढ़कर 1.24 लाख प्रति 10 ग्राम पहुंचा

सोना-चांदी दोनों ऑलटाइम हाई पर: चांदी 10,825 उछलकर 1.75 लाख पार,
सोना 2,630 बढ़कर 1.24 लाख प्रति 10 ग्राम पहुंचा
नई दिल्ली |फेस्टिव सीजन की शुरुआत से पहले ही सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। पुष्य नक्षत्र से एक दिन पहले यानी 13 अक्टूबर को दोनों धातुओं के भाव अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, चांदी की कीमत एक दिन में ₹10,825 बढ़कर ₹1,75,325 प्रति किलो हो गई। शुक्रवार को यह ₹1,64,500 प्रति किलो थी।
वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम ₹2,630 बढ़कर ₹1,24,155 रुपए हो गए, जबकि शुक्रवार को इसका भाव ₹1,21,525 था।
2025 में अब तक सोना 47,993 और चांदी 89,308 महंगी
इस साल अब तक सोने की कीमतों में ₹47,993 की तेजी आई है।
31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 का था, जो अब ₹1,24,155 हो गया है।
इसी अवधि में चांदी भी ₹89,308 महंगी होकर ₹86,017 से बढ़कर ₹1,75,325 प्रति किलो पहुंच गई है।

विश्लेषकों का अनुमान: सोना 1.55 लाख प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है
गोल्डमैन सैक्स की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अगले साल तक सोने का भाव $5,000 प्रति औंस तक पहुंच सकता है। मौजूदा विनिमय दर के हिसाब से यह लगभग ₹1,55,000 प्रति 10 ग्राम होगा।
ब्रोकरेज फर्म पीएल कैपिटल के डायरेक्टर संदीप रायचुरा के मुताबिक, सोने की कीमत ₹1,44,000 प्रति 10 ग्राम तक जाने की संभावना है।
सोने की तेजी के तीन बड़े कारण
फेस्टिव सीजन डिमांड: धनतेरस और दिवाली पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है, जिससे डिमांड बढ़ी है।
जियोपॉलिटिकल टेंशन: मिडिल ईस्ट में तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते निवेशक सोने में सुरक्षित निवेश कर रहे हैं।
केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: दुनिया भर के सेंट्रल बैंक डॉलर पर निर्भरता घटाकर अपने भंडार में सोने का हिस्सा बढ़ा रहे हैं।
चांदी की कीमत बढ़ने के तीन प्रमुख कारण
त्योहारी डिमांड: सोने की तरह चांदी की भी दिवाली पर डिमांड बढ़ी है।
रुपए की कमजोरी: डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट से इंपोर्ट कॉस्ट बढ़ी है।
इंडस्ट्रियल डिमांड:इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में चांदी की मांग तेजी से बढ़ रही है।

क्या अभी सोने में निवेश करना सही है?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार, इस साल सोने में लगभग 60% की तेजी आ चुकी है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में और उछाल की संभावना कम है।
हालांकि, लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह अभी भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सोना ही लें। उदाहरण AZ4524 जैसे अल्फान्यूमेरिक कोड से कैरेट शुद्धता की पुष्टि होती है।
कीमत क्रॉस चेक करें: खरीदने से पहले IBJA की वेबसाइट या अन्य विश्वसनीय सोर्स से उस दिन की कीमत और वजन की जांच अवश्य करें।







