भोपाल में व्यापारी के सूने मकान में चोरी: 9 लाख नकद और जेवर ले उड़े चोर

भोपाल में व्यापारी के सूने मकान में चोरी: 9 लाख नकद और जेवर ले उड़े चोर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। न्यू मार्केट में चप्पल और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले व्यापारी अजय सिंह परिहार के सूने मकान से अज्ञात चोर करीब 9 लाख नकद और सोने के कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। कुल चोरी की गई संपत्ति की कीमत करीब 11.50 लाख बताई जा रही है।
घटना बुधवार की है, जब पीड़ित व्यापारी दोपहर करीब 12:00 बजे अपने घर पर ताला लगाकर दुकान गए थे। रात करीब 11:30 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। चोरों ने घर के पीछे के रास्ते से प्रवेश किया और कमरे की टिन शेड उठाकर अंदर दाखिल हुए। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था। लॉकर में रखी सोने की चेन, अंगूठी, छल्ला और घर खरीदने के लिए रखे गए 9 लाख नकद गायब थे।
थाना प्रभारी गौरव दोहर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की थी और उन्हें नकदी के बारे में सटीक जानकारी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।







