बारात से लौट रही पिकअप पलटी, दो दर्जन लोग घायल, कैमौरी गांव के पास हुआ हादसा, पाटन से कटंगी जाते समय अनियंत्रित होकर पलटा वाहन

जबलपुर से बारात से लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन कैमौरी गांव के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब पिकअप पाटन से कटंगी की ओर जा रही थी। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं कुछ की हालत नाज़ुक होने के कारण मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार पिकअप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।घायलों में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






