NH-34 पर काल बनकर दौड़ा ट्रक: 10 की सांसें कुचलीं, धूमा बायपास पर मची चीख-पुकार…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बायपास के समीप सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सड़क पर कई मवेशी बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से टक्कर मारने वाले ट्रक को आगे रोक लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया।
हादसे की सूचना मिलने पर धूमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मृत मवेशियों को सड़क से हटवाने तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय ट्रक की गति कितनी थी और सड़क पर मवेशियों के बैठे होने के बावजूद चालक उन्हें समय रहते क्यों नहीं देख सका।
बाल-बाल टला बड़ा हादसा
जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। रात के समय सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसे के समय सड़क पर कोई व्यक्ति या दोपहिया वाहन मौजूद होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। ट्रक की चपेट में आने से जनहानि भी संभव थी।
क्षेत्रवासियों ने हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सड़क किनारे और हाईवे पर मवेशियों के जमावड़े को रोकने के लिए संबंधित विभागों को नियमित कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही वाहन चालकों को भी रात के समय गति नियंत्रित रखते हुए सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत है।
फिलहाल धूमा पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।







