भोपाल

मानसून का आज जोरदार वार, भोपाल में भारी बारिश के आसार – राजधानी समेत आधे मध्यप्रदेश में बारिश का अलर्ट, कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी

मानसून का आज जोरदार वार, भोपाल में भारी बारिश के आसार
– राजधानी समेत आधे मध्यप्रदेश में बारिश का अलर्ट, कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी
भोपाल, यश भारत । मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने रविवार को राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के आधे हिस्से में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल में दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में मानसूनी गतिविधियां सबसे अधिक प्रभावी रहेंगी। रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, देवास, खंडवा, हरदा, खरगोन, झाबुआ, अलीराजपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मंडला में सबसे अधिक सवा दो इंच वर्षा हुई, जबकि भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, राजगढ़, बैतूल, खंडवा और अन्य जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहा। इससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button