भोपाल

मिशन परिवर्तन 100 ने दिलाई प्रदेश में पहचान  – 4700 संस्थाओं की कमान संभाल रहे 100 अधिकारी 

मिशन परिवर्तन 100 ने दिलाई प्रदेश में पहचान
– 4700 संस्थाओं की कमान संभाल रहे 100 अधिकारी
– परख एप से डिजिटल मॉनिटरिंग, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं में दिखने लगा बदलाव

1775376668 416936

भोपाल, यश भारत । शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी शासकीय संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए नर्मदापुरम जिले में शुरू किया गया मिशन परिवर्तन 100 प्रदेश में प्रशासनिक नवाचार का प्रभावी मॉडल बनकर उभरा है। कलेक्टर सोनिया मीना के नेतृत्व में जिले की लगभग 4700 शासकीय संस्थाओं की जिम्मेदारी 100 अधिकारियों को परिवर्तक के रूप में सौंपी गई है। इन अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है।
मिशन के तहत शासकीय स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों तथा छात्रावासों का अधिकारियों द्वारा लगातार स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों और अनियमितताओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।
डिजिटल इंडिया की तर्ज पर मॉनिटरिंग
मिशन परिवर्तन 100 की सबसे बड़ी विशेषता इसकी डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था है। जिला प्रशासन ने शासन के उन्नत तकनीकी प्लेटफॉर्म परख एप के माध्यम से निरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटाइज कर दिया है। अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण की जानकारी अब तुरंत एप पर दर्ज होती है, जिससे जिला स्तर पर एक ही पटल पर सभी संस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की जा सकती है।
जिला ई-गवर्नेंस टीम द्वारा इसके लिए एक केंद्रीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया गया है। इससे प्रशासन को यह पता चल जाता है कि किस अधिकारी ने किस संस्था का निरीक्षण किया, वहां क्या समस्याएं मिलीं और उनके समाधान के लिए क्या कार्रवाई हुई।
2892 संस्थाओं का निरीक्षण पूरा
मिशन के तहत अब तक 2892 संस्थाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता, आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार सुविधाएं और छात्रावासों में रहने-खाने की व्यवस्था का गहन परीक्षण किया जा रहा है।
यश भारत से चर्चा में कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया क़ी मिशन केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे परिणामोन्मुखी बनाया गया है। लक्ष्य यह है कि जिले की सभी शासकीय संस्थाएं शासन के मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संचालित हों और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलें।
प्रदेश में अनूठा मॉडल विकसित किया
मिशन परिवर्तन 100 को प्रदेश में एक अनूठी पहल माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इतने बड़े स्तर पर शासकीय संस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों को परिवर्तक बनाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने वाला यह प्रदेश का पहला जिला बन गया है। इस मॉडल से प्रशासनिक जवाबदेही भी बढ़ी है और संस्थाओं की नियमित निगरानी संभव हो सकी है।
आम लोगों को मिल रहे सीधे लाभ
इस पहल से जिले के नागरिकों को कई स्तर पर लाभ मिल रहे हैं। स्कूलों में बच्चों को बेहतर पढ़ाई और सुविधाएं मिल रही हैं, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों और महिलाओं के पोषण कार्यक्रम मजबूत हो रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता बेहतर हो रही है। छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भी व्यवस्थाएं सुधर रही हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि मिशन परिवर्तन 100 के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बढ़ेगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button