गांजे के साथ नाबालिग गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

गांजे के साथ नाबालिग गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सिंह के दिशा-निर्देशों पर थाना गौतम नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक नाबालिग को 262 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी अजेश कंजर फिलहाल फरार चल रहा है।
रेलवे पटरी के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को थाना गौतम नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगर निगम कॉलोनी में रेलवे पटरी के किनारे एक लड़का अवैध गांजा लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 262 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मुख्य आरोपी पर पहले से 28 मामले दर्ज
पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि उसे यह गांजा अजेश कंजर और उसकी पत्नी निर्मला कुचबंदिया ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी अजेश कंजर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में मारपीट, अड़ीबाजी और अवैध शराब जैसे 28 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।







