रीठी में कलेक्टर का सरप्राइज दौरा, राजस्व अमले की लगी क्लास
दो पटवारियों पर कार्रवाई के निर्देश, स्कूल पहुंचकर खुद परखी पढ़ाई की गुणवत्ता

रीठी में कलेक्टर का सरप्राइज दौरा, राजस्व अमले की लगी क्लास
दो पटवारियों पर कार्रवाई के निर्देश, स्कूल पहुंचकर खुद परखी पढ़ाई की गुणवत्ता


कटनी,यशभारत। रीठी क्षेत्र के औचक निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर
आशीष तिवारी ने प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली दोनों की जमीनी हकीकत परखी। राजस्व मामलों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने दो पटवारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, जबकि विद्यालय में पहुंचकर खुद विद्यार्थियों से सवाल-जवाब कर पढ़ाई की गुणवत्ता का आकलन किया।
बिलहरी उप तहसील कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की फाइलें खंगालीं और अभिलेखों का मिलान किया। ग्राम नौआपटी के नामांतरण प्रकरण तथा ग्राम कैमोरी के सीमांकन मामले में अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पटवारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांधा पहुंचे। यहां उन्होंने सीधे कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से अंग्रेजी का पाठ पढ़वाया, उसका अर्थ पूछा और विषय की समझ का परीक्षण किया। उन्होंने छात्रों को भारतीय संविधान के मूल कर्तव्यों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया।
विज्ञान कक्षा में पहुंचकर कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पाचन तंत्र से जुड़े प्रश्न पूछे और शिक्षण स्तर की जानकारी ली। विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, शौचालयों और डिजिटल शिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।






