कैंपियनाइट्स बैच 76 का गोल्डन जुबली समारोह सम्पन्न

कैंपियनाइट्स बैच 76 का गोल्डन जुबली समारोह सम्पन्न
भोपाल यश भारत । कैंपियन स्कूल के वर्ष 1976 बैच का गोल्डन जुबली गेट टुगेदर 28 से 30 मार्च 2026 तक सीहोर के समीप स्थित ग्रेसेस रिज़ॉर्ट में उत्साह और आत्मीयता के साथ सम्पन्न हुआ। इस खास आयोजन में देश विदेश से आए पूर्व छात्रों ने 50 वर्षों की दोस्ती और यादों का जश्न मनाया। अमेरिका से आए शशांक चिटनिस, संजय घोष, सुधीर राव और राजीव मल्होत्रा सहित कई साथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। समारोह के दौरान मनोज कुकरेजा, संजीव माथुर, राजेश अय्यर, गिरधर कामेश, बर्तजार, अनुराधा, वनिता और अमिता ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं दीप्ति चिटनिस, अविनाश नेमाडे और शुभांगी द्वारा आयोजित मनोरंजक गतिविधियों ने सभी को पुराने दिनों की यादों में लौटा दिया। कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक नितिन बड़जात्या, सुनील सेठी, मोखा एवं अन्य साथियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान प्रतिभागियों ने सांप सीढ़ी, सितौलिया, लट्टू, कंचे और गिल्ली डंडा जैसे पारंपरिक खेल खेलकर बचपन की यादों को फिर से जीवंत किया। समारोह के अंत में माहौल भावुक हो गया और कई आँखें नम नजर आईं। यह आयोजन केवल एक पुनर्मिलन नहीं बल्कि आधी सदी पुराने रिश्तों की गर्माहट और गहरी दोस्ती का जीवंत उदाहरण बन गया। सभी साथियों ने इस रिश्ते को आगे भी इसी तरह बनाए रखने का संकल्प लिया।







