भोपाल

नाबालिग के लापता होने पर थाने पहुंचे हिंदू संगठन, कार्रवाई की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

नाबालिग के लापता होने पर थाने पहुंचे हिंदू संगठन, कार्रवाई की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
– जहांगीराबाद थाने के बाहर जुटे कार्यकर्ता, पुलिस पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप
भोपाल, यश भारत । नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जहांगीराबाद थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने के बाहर बैठ गए और पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुरावर क्षेत्र से एक मुस्लिम युवक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अपने साथ ले गया है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें थाने के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और नाबालिग को जल्द तलाशने की मांग की।
थाने के बाहर पुलिस बल तैनात – 
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद जहांगीराबाद थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी शिकायत और मांगों को सुना। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। नाबालिग की तलाश और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button