कर्नल अजय नारायण मुश्रान की पुण्यतिथि पर 11 जुलाई को मेगा हेल्थ कैम्प
विवेक कृष्ण तन्खा के मार्गदर्शन में ज्ञानदीप नर्सिंग कॉलेज हिनौतिया बारहा में होगा आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निःशुल्क सेवाएं

कर्नल अजय नारायण मुश्रान की पुण्यतिथि पर 11 जुलाई को मेगा हेल्थ कैम्प
विवेक कृष्ण तन्खा के मार्गदर्शन में ज्ञानदीप नर्सिंग कॉलेज हिनौतिया बारहा में होगा आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे निःशुल्क सेवाएं
यश भारत, जबलपुर। कर्नल स्व. अजय नारायण मुश्रान की पुण्यतिथि के अवसर पर 11 जुलाई को ग्राम हिनौतिया बारहा स्थित ज्ञानदीप नर्सिंग कॉलेज में विशाल निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा के मार्गदर्शन एवं रोटरी क्लब प्रीमियर, जबलपुर के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
शिविर में विभिन्न बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क किए जाएंगे। इसमें महावीर मल्टीस्पेशलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल के डॉ. छत्रपाल सिंघई, प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. टी.एन. शुक्ला सहित जबलपुर के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया।

शिविर की तैयारियों को लेकर स्थानीय अरिहंत होटल, रसल चौक में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोटरी क्लब प्रीमियर के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की गई।
आयोजन के मुख्य संयोजक अधिवक्ता अनिल मिश्रा ने बताया कि शिविर की सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के नागरिकों से 11 जुलाई को ज्ञानदीप नर्सिंग कॉलेज, हिनौतिया बारहा पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ लेने की अपील की है।







