पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 5 धमाकों से दहला इलाका; 12 लोग झुलसे, एक इंदौर रेफर

पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 5 धमाकों से दहला इलाका; 12 लोग झुलसे, एक इंदौर रेफर
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्थित चुन्नीलाल मुन्नालाल भारत पेट्रोलियम पंप पर बाइक में पेट्रोल भरते समय अचानक आग भड़क गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पास ही खड़े डीजल टैंकर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में 12 लोग झुलस गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है।
गर्म बाइक का ढक्कन खोलते ही भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे जब पंप पर वाहनों की कतार लगी थी, तभी एक युवक अपनी गर्म बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने पहुँचा। जैसे ही उसने टैंक का ढक्कन खोला और कर्मचारी ने नोजल अंदर डाला, अचानक स्पार्किंग हुई और आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊँचाई तक उठने लगीं और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के दौरान पंप परिसर में एक के बाद एक पांच जोरदार धमाके भी हुए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
100 लीटर फायर फोम से पाया काबू
हादसे की सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद पचोर नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुँची। पानी की बौछारों से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था, जिसके बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपक रानवे करीब 100 लीटर फायर फोम लेकर पहुँचे। फोम के छिड़काव के बाद कड़ी मशक्कत से आग को बुझाया जा सका।
घायलों का उपचार जारी
एसडीएम रोहित बमोरे ने बताया कि हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें से बलराम नामक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर से इंदौर रेफर किया गया है। अन्य घायलों में दो महिलाएँ नदीपरूप और सलोनी भी शामिल हैं, जिनका इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है। शेष घायलों का उपचार पचोर के शासकीय और निजी अस्पतालों में किया जा रहा है। प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहाँ चूक हुई।







