देशभोपालमध्य प्रदेश

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भीषण भूकंप: मलबे में तब्दील हुईं कई इमारतें, 3 मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी से 4 देशों में हड़कंप

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भीषण भूकंप: मलबे में तब्दील हुईं कई इमारतें, 3 मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी से 4 देशों में हड़कंप

भोपाल, यश भारत। फिलीपींस का मिंडानाओ क्षेत्र सोमवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल उठा। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई है, जो इस साल का सबसे विनाशकारी भूकंप बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र जमीन से काफी कम गहराई पर होने के कारण तबाही का दायरा बेहद बड़ा है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, जनरल सैंटोस सिटी सहित कई इलाकों में दर्जनों इमारतें ढह गई हैं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके कारण युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया और जापान के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की हाई-अलर्ट एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (PTWC) के मुताबिक, फिलीपींस के तटीय क्षेत्रों में 3 मीटर (करीब 10 फीट) तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फिलीपींस के राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस ने प्रभावित 9 प्रांतों के तटीय इलाकों को तुरंत खाली कराने और लोगों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए हैं।

मलबे में तब्दील हुए शॉपिंग मॉल और स्टूडियो, ब्लैकआउट की स्थिति

स्थानीय पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी तस्वीरों में तबाही का मंजर साफ देखा जा सकता है। जनरल सैंटोस सिटी में एक बहुमंजिला शॉपिंग सेंटर और ‘लव रेडियो’ का पूरा स्टूडियो मलबे के ढेर में बदल गया है। सरंगानी प्रांत के अलाबेल में पुलिस स्टेशन की मजबूत इमारत में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह इस क्षेत्र में महसूस किया गया अब तक का सबसे शक्तिशाली और डरावना भूकंप था। झटके इतने तेज थे कि सड़कों पर खड़ी गाड़ियां खिलौनों की तरह हिलने लगीं और दहशत के मारे कुछ लोग मौके पर ही बेहोश हो गए। भूकंप के तुरंत बाद कई शहरों की बिजली गुल हो गई है और इंटरनेट-पानी की सप्लाई ठप है, जिससे राहत कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से जनरल सैंटोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही रोक दी गई है।

इंडोनेशिया, मलेशिया और जापान तक अलर्ट, लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स

इस महाभूकंप का असर फिलीपींस की सीमाओं को पार कर गया है। इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी और मनाडो शहर में धरती बुरी तरह कांप उठी। इंडोनेशिया की मौसम एजेंसी (BMKG) ने अपने उत्तर-पूर्वी तटों के लिए अलर्ट जारी करते हुए निवासियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। इसके अलावा मलेशिया के सबा और तवाउ क्षेत्रों में 1 मीटर तक की लहरों की आशंका के चलते तटीय गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भी ओकिनावा समेत अपने दक्षिणी तटीय इलाकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने गुआम द्वीप के लिए अलर्ट जारी किया है, हालांकि हवाई और अमेरिकी मुख्य भूमि को खतरे से बाहर बताया गया है।

रिंग ऑफ फायर का असर, 6.5 तीव्रता के आफ्टरशॉक्स से दहशत

भूवैज्ञानिकों के अनुसार, यह भूकंप कोटाबाटो ट्रेंच में फॉल्ट मूवमेंट की वजह से आया है। फिलीपींस भौगोलिक रूप से पैसिफिक ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित है, जो दुनिया का सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। मुख्य भूकंप के बाद भी इलाके में लगातार आफ्टरशॉक्स आ रहे हैं, जिनमें से सबसे बड़ा झटका 6.5 तीव्रता का दर्ज किया गया। प्रशासन ने नागरिकों को हिदायत दी है कि वे फिलहाल क्षतिग्रस्त इमारतों के आसपास न जाएं और पहाड़ों पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए ढलान वाले इलाकों से दूर रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button