
गोरखपुर: जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव में सोमवार तड़के हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। आरोप है कि परिवार के नाबालिग छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3 बजे अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (32) और पुत्र रेयांश गुप्ता (3) अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान नाबालिग आरोपी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान आरोपी किशोर को छत पर छिपा हुआ पाया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद को परिवार में उपेक्षित महसूस करता था। उसका मानना था कि परिवार का पूरा ध्यान बड़े भाई अमित गुप्ता पर केंद्रित हो गया था।
पुलिस के अनुसार, पहले परिवार की एक दुकान का संचालन आरोपी करता था, लेकिन बाद में अमित गुप्ता के दुकान संभालने से वह खुद को नजरअंदाज महसूस करने लगा। इसी नाराजगी और मानसिक तनाव के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।







