भोपालमध्यप्रदेश

नशीली दवाओं के खिलाफ  पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोर सील 

नशीली दवाओं के खिलाफ  पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोर सील 

भोपाल, यश भारत। कोलार रोड थाना पुलिस ने नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक सहित दो मेडिकल स्टोर संचालकों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कुल 1456 प्रतिबंधित गोलियां और कैप्सूल जब्त किए गए। जांच के दौरान दोनों मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है और जांच पूरी होने तक उनके क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीमा कुंज स्थित चाय की दुकान के पास एक संदिग्ध युवक खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मिथलेश लोधी (22) निवासी राजवेद कॉलोनी, कोलार की तलाशी ली तो उसके पास स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के दो कैप्सूल मिले। पूछताछ में मिथलेश ने बताया कि वह इनका नशे के रूप में इस्तेमाल करता है और दवाएं नितेश चौहान के भाई संतोष चौहान से खरीदता है।
इसके बाद पुलिस नितेश चौहान के बंजारी फेस-1 स्थित घर पहुंची। यहां संतोष चौहान के कब्जे से स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 184 कैप्सूल और अल्फाजोन की 30 नींद की गोलियां, कुल 214 दवाएं जब्त की गईं। पूछताछ में संतोष ने प्रतिबंधित दवाएं बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल और अन्ना नगर स्थित राज मेडिकल स्टोर से खरीदना बताया।
सूचना के आधार पर पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने दोनों मेडिकल स्टोर पर जांच की। बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल के संचालक रामसेवक निरंजन के कब्जे से स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 16 कैप्सूल, एविल-25 की 315 गोलियां, एविल-50 की 85 गोलियां, एविल-50 की 150 गोलियां तथा लोकासियन टैबलेट प्लस की 130 गोलियां, कुल 696 दवाएं जब्त की गईं।
इसी तरह अन्ना नगर स्थित राज मेडिकल स्टोर के संचालक राजकुमार परसोड़िया के यहां से स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 90 कैप्सूल, पीवॉन स्पास प्लस की 158 गोलियां, जेरिस्पास की 152 गोलियां और ट्रिडोस की 144 गोलियां, कुल 544 प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं।
औषधि विभाग ने दोनों मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। साथ ही जांच पूरी होने तक इनके प्रतिबंधित दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button