यश भारत भोपाल।

भोपाल में सीबीआई का बड़ा एक्शन, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा अधीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
स्क्रैप कारोबारी से हर महीने 2 लाख रुपये मांगने का आरोप, घर से 72.50 लाख रुपये नकद और संपत्ति के दस्तावेज बरामद
भोपाल यश भारत। सूत्रों के अनुसार मिल रही जानकारी के मुताबिक केंद्रीय जांच ब्यूरो ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के अधीक्षक को कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि अधिकारी एक स्क्रैप कारोबारी से हर महीने 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसके बदले कारोबारी के वाहनों की चेकिंग नहीं करने और उसके व्यवसाय में बाधा नहीं डालने का आश्वासन दिया जाता था।
भोपाल और कानपुर स्थित आवासों पर छापेमारी, नकदी और संपत्ति के दस्तावेज मिले
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने आरोपी अधिकारी के भोपाल और कानपुर स्थित आवासों पर छापेमारी की। इस दौरान 72.50 लाख रुपये नकद और अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बरामद दस्तावेजों और नकदी की जांच की जा रही है।
सीवीआई की इस कार्रवाई से विभागीय हलकों में हलचल मच गई है। जांच एजेंसी रिश्वतखोरी के आरोपों और बरामद संपत्ति से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।







