जबलपुरमध्य प्रदेश

ट्राली बैग में कपड़ों की जगह भरी मिली शराब की बोतलें, दो आरोपी गिरफ्तार

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर। यशभारत। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान घमापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने करिया पाथर क्षेत्र में दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के घर से ट्रॉली बैग और कार्टून में बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद हुई। शराब को घर में छिपाकर रखा गया था और मौका मिलने पर चोरी-छिपे बेचने की तैयारी थी। घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के अनुसार रक्षाबंधन के दिन क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करिया पाथर मरघटाई रोड स्थित न्यू बिल्डिंग की पहली मंजिल में रहने वाले दीपक कोरी के घर अवैध शराब रखी हुई है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और घमापुर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।

पुलिस को देखकर भागने लगे युवक

पुलिस टीम के पहुंचते ही कमरे में मौजूद दो युवक भागने का प्रयास करने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान दीपक कोरी और आयुष चौधरी के रूप में हुई। कमरे की तलाशी लेने पर एक ट्रॉली बैग में शराब की बोतलें और पाव मिले।

ट्रॉली बैग में भरी थी शराब

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 50 बोतल देशी शराब, 47 पाव देशी शराब, 18 बोतल रॉयल चैलेंजर, 8 बोतल मैजिक मोमेंट, 20 बोतल एमडी रम, 4 बोतल बकार्डी लेमन और 5 बोतल एमडी व्हिस्की बरामद हुई। इसके अलावा चार कार्टून में 200 पाव देशी शराब भी मिली। पुलिस ने शराब की पूरी खेप जब्त कर ली है।

कार और स्कूटर से पहुंचाई गई थी खेप

पुलिस पूछताछ में दीपक ने बताया कि शराब आयुष चौधरी उसके घर लाकर रखता था। वहीं आयुष ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह कार और स्कूटर के जरिए शराब लेकर आया था। पुलिस के अनुसार शराब लाने में एमपी 20 जेडएस 6533 नंबर की कार और एमपी 20 जेडएल 6393 नंबर का स्कूटर इस्तेमाल किया गया।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पूछताछ में आयुष ने पुलिस को कथित तौर पर नयन रजक निवासी बड़ा फुहारा का नाम बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शराब को अलग-अलग लोगों के माध्यम से बिकवाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button