भोपाल

तीन बड़े होटल-रेस्टोरेंट की रसोई में मिलीं खामियां, लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल

तीन बड़े होटल-रेस्टोरेंट की रसोई में मिलीं खामियां, लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल
भोपाल, यश भारत । शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को तीन बड़े होटल-रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं रसोई की फ्राइंग कढ़ाई काली मिली, तो कहीं खुले डस्टबिन, अव्यवस्थित खाद्य भंडारण और जरूरी रिकॉर्ड का अभाव सामने आया। टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर की गई। टीम ने होटल रंजीत लेक व्यू, बापू की कुटिया और माता मंदिर क्षेत्र स्थित सागर गैरे रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
रंजीत लेक व्यू में व्यवस्था बेहतर
निरीक्षण के दौरान होटल रंजीत लेक व्यू में साफ-सफाई के उचित प्रबंध पाए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल की रसोई और खाद्य सामग्री की व्यवस्था का जायजा लिया। यहां से भी आवश्यक खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
बापू की कुटिया में लाइसेंस से लेकर मेडिकल रिकॉर्ड तक खामियां
बापू की कुटिया के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। टीम के अनुसार मौके पर FSSAI लाइसेंस प्रदर्शित नहीं था। इसके अलावा काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप और मेडिकल फिटनेस से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान NABL मान्यता प्राप्त खाद्य प्रयोगशाला की रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। पानी की टंकी की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड या प्रमाण भी नहीं मिले। टीम ने यहां से घी और लाल रंग की ग्रेवी के नमूने जांच के लिए लिए।
सागर गैरे रेस्टोरेंट की रसोई सड़क की ओर से खुली मिली
माता मंदिर के पास स्थित सागर गैरे रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं। रेस्टोरेंट का किचन सड़क की ओर से खुला मिला। कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप/मेडिकल फिटनेस का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था।
जांच के दौरान डस्टबिन खुले पाए गए, जबकि भंडारण कक्ष में लीकेज मिला। इससे वहां रखे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका जताई गई। कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थों का उचित और व्यवस्थित भंडारण नहीं था तथा कई खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली।
इसके अलावा रेस्टोरेंट में पेस्ट कंट्रोल से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान मिस-ब्रांडेड पैकिंग वाले खाद्य पदार्थों का भंडारण भी पाया गया। टीम ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button