आईपीएस अधिकारियों के तबादले: अंशुमन यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी, गुप्तवार्ता और साइबर का अतिरिक्त प्रभार
चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण की कमान

भोपाल,यशभारत। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने शनिवार को भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए। आदेश में 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अंशुमन यादव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तवार्ता और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, साइबर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
खेल एवं युवक कल्याण विभाग से वापस ली गई सेवाएं
अंशुमन यादव की सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग से वापस लेते हुए उन्हें पुलिस के दोनों महत्वपूर्ण विंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी आदेश तक वे इन दोनों पदों का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। गुप्तवार्ता और साइबर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिलने से उनकी नई पदस्थापना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चंचल शेखर को खेल एवं युवक कल्याण की कमान
वहीं 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी चंचल शेखर को संचालक, खेल एवं युवक कल्याण विभाग बनाया गया है। उनकी सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग को सौंप दी गई हैं। इससे पहले वे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विशेष सशस्त्र बल तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
अनिल कुमार और डी. श्रीनिवास वर्मा को भी अतिरिक्त प्रभार
1993 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार विशेष पुलिस महानिदेशक, महिला सुरक्षा के पद पर बने रहेंगे। उन्हें वर्तमान जिम्मेदारी के साथ विशेष पुलिस महानिदेशक, अजाक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी डी. श्रीनिवास वर्मा को वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, विसबल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, एसआईएसएफ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
गृह विभाग के आदेश के मुताबिक सभी नवीन जिम्मेदारियां आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।







