यश भारत ब्रेकिंग -जमतरा पुल के पास युवक नदी में डूबा, हालात को लेकर संशय बरकरार,कार्रवाई करने पहुंची माइनिंग टीम, ग्रामीणों का आरोप—इसी दौरान हुआ हादसा;

जबलपुर, यश भारत। जमतरा पुल के पास अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्रवाई करने माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि टीम की मौजूदगी के दौरान ही यह हादसा हुआ, हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब भी संशय बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, टीम के मौके पर पहुंचने के बाद कुछ युवक नदी की ओर भागे। इसी दौरान एक युवक ने नदी में गिर गया गहराई में चले जाने के कारण वह बाहर नहीं आ सका। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर मौजूद माइनिंग टीम को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग बयान सामने आने के कारण घटना की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले से जुड़ी आगे की अपडेट का इंतजार है।







