क्षेत्र ‘जलमग्न’ ,वादे ‘जलदफ़न’: सड़कें बनीं नदियां, घरों में घुसा पानी

यशभारत डिंडोरी |डिंडोरी जिले का गाडासरई कस्बा इन दिनों बारिश के पानी के जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लगातार बारिश के बाद कस्बे की सड़कों पर पानी भर गया, वहीं कई स्थानों पर पानी घरों तक पहुंच गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नगरवासियों को हर बारिश में इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक गाडासरई में जलभराव कोई नई समस्या नहीं है। पिछले कई वर्षों से बारिश के दौरान सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकासी का रास्ता नहीं मिलने पर सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में जमा हो जाता है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोगों को घरों से निकलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वार्ता कई बार, समाधान अब तक नहीं
जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों और नगरवासियों की प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई बार चर्चा हो चुकी है। नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था को लेकर अनेक बार मांग उठाई गई, लेकिन वर्षों बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। हर बारिश के साथ वही समस्या दोबारा सामने आ जाती है और जिम्मेदार विभाग बारिश थमने के बाद इस मुद्दे को भूल जाता है।
सड़क पर पानी, घरों में घुसा बारिश का पानी
बारिश के बाद कस्बे के कई हिस्सों में सड़कें जलमग्न हो गईं। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क का पानी आसपास के घरों तक पहुंच गया। इससे लोगों को अपने घरों में भी पानी घुसने की चिंता सताने लगी है। जलभराव के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
नगरवासियों का कहना है कि समस्या का अस्थायी समाधान बारिश के पानी को हटाने से नहीं होगा। जब तक कस्बे में व्यवस्थित नाली निर्माण कर पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक हर साल बारिश में यही हालात बनते रहेंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों का जल्द नाली निर्माण की जाए और प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाए।
अब सवाल यह है कि वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान आखिर कब होगा? ग्रामीणों और प्रशासन के बीच लगातार बातचीत के बावजूद यदि नाली निर्माण का रास्ता नहीं निकल पा रहा है, तो बारिश में जलमग्न होते गाडासरई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?







