सागर यश भारत संभागीय ब्यूरो)/ जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर संदीप जी.आर. ने बड़ा फेरबदल किया है। आज जारी किए गए ताजा आदेशों के तहत जिले के पांच वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नवीन पदस्थापना सौंपी गई है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी इस सूची ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है, जिसमें तीन अनुविभागीय अधिकारियों (SDM) सहित नगर दण्डाधिकारी के महत्वपूर्ण पद पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
बीना और बण्डा को मिले नए एसडीएम
जारी आदेश के अनुसार, बण्डा के अनुविभागीय अधिकारी रवीश श्रीवास्तव को अब बीना अनुभाग की कमान सौंपी गई है। उनकी जगह आरती यादव को जिला कार्यालय सागर से हटाकर बण्डा का नया अनुविभागीय अधिकारी (SDM) नियुक्त किया गया है। बीना में पदस्थ रहे डिप्टी कलेक्टर विजय कुमार डहरिया को अब बीना से वापस जिला कार्यालय सागर (कलेक्ट्रेट) संबद्ध कर दिया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट और केसली में भी बदलाव
प्रशासनिक गलियारों में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति डिप्टी कलेक्टर गगन बिसेन की मानी जा रही है। केसली के अनुविभागीय अधिकारी रहे गगन बिसेन को अब सागर का नया नगर दण्डाधिकारी (सिटी मजिस्ट्रेट) बनाया गया है। वहीं, केसली अनुभाग की रिक्त हुई जिम्मेदारी श्रीमती राजनंदिनी शर्मा को सौंपी गई है, जो अब तक जिला कार्यालय सागर में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
प्रशासनिक कसावट की कवायद
माना जा रहा है कि जिले की कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर संदीप जी.आर. ने यह ‘सर्जरी’ की है। नए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना कार्यभार संभालने और पुराने प्रभार सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। ‘यश भारत’ के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तबादलों का मुख्य उद्देश्य अनुभागों में लंबित राजस्व कार्यों को गति देना और प्रशासनिक कसावट लाना है।
किसे कहाँ मिली नई ज़िम्मेदारी:
रवीश श्रीवास्तव: बण्डा से बीना (SDM)
गगन बिसेन: केसली (SDM) से नगर दण्डाधिकारी, सागर
आरती यादव: जिला कार्यालय से बण्डा (SDM)
राजनंदिनी शर्मा: जिला कार्यालय से केसली (SDM)
विजय कुमार डहरिया: बीना (SDM) से जिला कार्यालय, सागर
Back to top button