सिहोरा में कलयुगी बेटे ने कर दी मां की हत्या,घटना से सनसनी
पति-पत्नी का विवाद सुलझाने पहुंची मां पर पंखे से किया हमला

जबलपुर यशभारत। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को शांत कराने पहुंची मां की उसके ही कलयुगी बेटे ने हत्या कर दी। बेटे ने गुस्से में आकर घर में रखे पंखे से मां पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल बना हुआ है।
देर रात हुई इस घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि सिहोरा क्षेत्र गड़िया मोहल्ला में रहने वाले 30 वर्षीय करण कोल पिता ताती कोल का पत्नी कांति कोल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। घर में बढ़ते झगड़े और चीख-पुकार को सुनकर करण कोल की 65 वर्षीय मां गिरना बाई कोल पति स्वर्गीय ताती कोल बीच-बचाव करने पहुंची। मां बेटे को समझाकर मामला शांत कराना चाहती थी लेकिन गुस्से में बेकाबू बेटे ने अपनी ही मां के उपर पंखे से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।घटना के बाद मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि जिस मां ने बेटे को जन्म देकर बड़ा किया उसी बेटे ने गुस्से में उसकी जान ले ली। इलाके में घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।







