मध्य प्रदेशराज्य

ठगों ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर एक लाख हड़पे : नेशनल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज, पर स्टेटस में नाम दूसरा

मंडला। जिले के सागर के रहने वाले अशोक मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब 1 लाख रुपए उड़ा दिए। मामले में कार्रवाई न होने और तकनीकी दिक्कतों से परेशान होकर पीड़ित ने मंडला एसपी राजेश रघुवंशी से मुलाकात की और मदद की मांग की।

 

अशोक मिश्रा ने बताया कि 2 जुलाई को उन्होंने जबलपुर के मार्बल सिटी हॉस्पिटल में मरीज को भर्ती कराने की जानकारी लेने के लिए फोन किया था। सामने वाले व्यक्ति ने अस्पताल की प्रक्रिया बताते हुए उनसे एक ऑनलाइन फॉर्म भरने और 5 रुपए ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया। फॉर्म भरने और 5 रुपए भेजने के कुछ दिनों बाद 8 जुलाई को ठगों ने उनके खाते से 1 लाख रुपए साफ कर दिए। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने जबलपुर के लाडगंज थाने और नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। लेकिन असली परेशानी इसके बाद शुरू हुई।

 

पीड़ित का आरोप है कि 1930 हेल्पलाइन से जो शिकायत का एसएमएस (रजिस्ट्रेशन नंबर) उन्हें मिला, उसे चेक करने पर किसी दूसरे व्यक्ति की शिकायत दर्ज दिखाई दे रही है। इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से न तो उनकी पुरानी शिकायत पर कोई कार्रवाई हो पा रही है और न ही नई शिकायत दर्ज हो पा रही है। इसी उलझन को सुलझाने के लिए अशोक मिश्रा ने मंडला एसपी राजेश रघुवंशी से मिलकर उन्हें पूरी बात बताई। एसपी ने पीड़ित का आवेदन ले लिया है और इस तकनीकी समस्या को दूर कर मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। पीड़ित को अब मंडला और जबलपुर पुलिस से न्याय की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button