खबर का असर: एएसआई को वर्दी उतरवाने की धमकी देने वाले युवक-महिला पर मामला दर्ज

खबर का असर: एएसआई को वर्दी उतरवाने की धमकी देने वाले युवक-महिला पर मामला दर्ज
कर्फ्यू वाली माता मंदिर के सामने हुआ था तमाशा, पहले बिना कार्रवाई छोड़ दी थी गाड़ी, अब कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया शासकीय कार्य में बाधा का मामला
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर में बुधवार रात कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने वाले कार सवारों को यश भारत की खबर के बाद तुरंत वैधानिक सबक मिला है। कर्फ्यू वाली माता मंदिर के सामने नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर जाम लगाने और टोकने पर ट्रैफिक पुलिस के एएसआई को धमकी देने वाले कार मालिक और उसकी महिला साथी के खिलाफ आखिरकार कोतवाली पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस गंभीर मामले को यश भारत ने अपनी सामाजिक और पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभाते हुए प्रमुखता से उजागर किया था, जिसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक्शन मोड में आने के निर्देश दिए।
बीच सड़क पर नियमों का उल्लंघन कर किया था हंगामा
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात यातायात थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक आर.सी. यादव और आरक्षक श्रीकांत ठाकुर कर्फ्यू वाली माता मंदिर के सामने व्यस्त ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बना रहे थे। इसी दौरान बीच सड़क पर एक कार खड़ी होने के कारण यातायात बाधित हो रहा था। जब ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने नियम के तहत गाड़ी हटाने और चालान बनाने की बात कही, तो कार सवार युवक और उसके साथ आई महिला ने सहयोग करने के बजाय बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। वाहन स्वामी ने सरेआम शासकीय ड्यूटी कर रहे जवान को देख लेने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
वीडियो साक्ष्य के आधार पर मुकदमा दर्ज
यश भारत में खबर प्रकाशित होते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो साक्ष्य और कार नंबर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और अभद्रता करने की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कानून व्यवस्था और पुलिस का सम्मान सर्वोपरि: एसीपी विजय दुबे
इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए यातायात एसीपी विजय दुबे ने कहा कि ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करना और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना बेहद गंभीर श्रेणी का अपराध है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है। यश भारत द्वारा इस विषय को सामने लाए जाने के बाद विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया है। कार नंबर और वीडियो फुटेज के आधार पर कोतवाली थाने में उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शहर की कानून व्यवस्था और अपने जवानों के मनोबल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।







