उतरप्रदेशदेश

बाथरूम और बेड के नीचे छिपाकर रखी अवैध कच्ची शराब बरामद,गोरखपुर में आबकारी विभाग का छापा

58 लीटर कच्ची शराब बरामद, 200 किलो लहन नष्ट,6 मुकदमे दर्ज

गोरखपुर,यशभारत। गोरखपुर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आबकारी टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 58 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि 200 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। इस दौरान कुल छह अभियोग दर्ज किए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पहली कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 मनीष त्यागी ने अपनी टीम के साथ शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार तथा खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद इलाके में विभिन्न संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी। अभियान के दौरान लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चार अभियोग दर्ज किए गए तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर धारा 60 के अंतर्गत जेल भेजा गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 बांसगांव शत्रुघ्न तथा प्रवर्तन-2 गोरखपुर की संयुक्त टीम ने गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर और उचेर गांव में खेतों, बागों और झाड़ियों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लगभग 28 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मौके पर ही लहन को नष्ट कर दिया गया तथा बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए।

सूत्रों के अनुसार, कच्ची शराब का अवैध कारोबार करने वाले कुछ तस्कर अब कच्ची शराब के साथ देशी शराब की भी अवैध बिक्री कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्धारित प्रिंट रेट से 10 से 20 रुपये अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही थी। वहीं आबकारी विभाग को मिली जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई से बचने के लिए शराब कारोबारियों ने शराब छिपाने के नए-नए तरीके भी अपनाने शुरू कर दिए हैं। सेक्टर-1 निरीक्षक मनीष त्यागी की टीम जब संदिग्ध ठिकानों पर पहुंची तो कहीं बाथरूम में तो कहीं बेड के नीचे शराब छिपाकर रखी गई मिली। सूत्रों का यह भी कहना है कि जिले के कुछ अवैध कारोबारी सुबह होने से पहले ही अलग-अलग ठिकानों पर कच्ची शराब की खेप पहुंचा देते हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान पकड़ में न आ सकें।

जिला आबकारी अधिकारी अरविन्द मौर्य ने बताया कि गोरखपुर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में आबकारी टीमों द्वारा नियमित रूप से दबिश दी जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल विभाग को जानकारी दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button