भोपालमध्य प्रदेश

पॉलिटेक्निक चौराहा पर प्रदर्शन किया तो होगी कार्रवाई

पॉलिटेक्निक चौराहा पर प्रदर्शन किया तो होगी कार्रवाई

– कमिश्नर ने किलोल पार्क तक के पूरे इलाके को किया प्रोटेस्ट जोन घोषित

​भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे व्यस्त पॉलिटेक्निक चौराहे पर अब आंदोलनकारियों की नारेबाजी और पुतला दहन का धुआं नजर नहीं आएगा। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इस क्षेत्र में आए दिन होने वाले हंगामों पर पूरी तरह नकेल कस दी है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश जारी कर पॉलिटेक्निक चौराहे से लेकर किलोल पार्क तक के पूरे इलाके को नो प्रोटेस्ट जोन घोषित कर दिया गया है।

​मरीजों की सांसों और जनता के समय पर भारी पड़ता था प्रदर्शन
पुलिस प्रशासन का यह कड़ा फैसला शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को देखते हुए लिया गया है। गौरतलब है कि पॉलिटेक्निक चौराहा एयरपोर्ट और हमीदिया जैसे बड़े अस्पतालों को जोड़ने वाली मुख्य जीवन रेखा है। यहाँ होने वाले प्रदर्शनों की वजह से अक्सर एम्बुलेंस जाम में फंस जाती थी, जिससे मरीजों की जान पर जोखिम बन आता था। शहर में इस मार्ग का कोई सुलभ वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

इन इलाकों में अगले दो महीने रहेगा पहरा
कमिश्नर के आदेश के मुताबिक, पॉलिटेक्निक चौराहा, आकाशवाणी चौराहा और किलोल पार्क चौराहे के बीच अब किसी भी तरह की रैली, सभा या प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंधात्मक आदेश अगले 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान यदि कोई भी संगठन या समूह नियमों का उल्लंघन करता है, तो पुलिस उसके खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई करेगी।
​कुल मिलाकर, वीआईपी मूवमेंट और इमरजेंसी सर्विसेज को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने अब इस रूट को आंदोलनकारियों से पूरी तरह मुक्त रखने का मन बना लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button