जबलपुर के 13 केंद्रों पर शुरू हुआ HPV वैक्सीनेशन अभियान
जिले में 29,499 बालिकाओं को टीकाकरण का लक्ष्य

जबलपुर, यशभारत। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा 28 फरवरी से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का प्रथम चरण प्रारंभ कर दिया गया है। पहले चरण में 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के खिलाफ निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। आगामी चरणों में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। सरकार ने दो खुराक के स्थान पर एक खुराक वाली प्रणाली अपनाई है। वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार एक डोज भी लंबे समय तक प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है। वर्ष 2006 से अब तक विश्वभर में 50 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं।
विक्टोरिया हॉस्पिटल में आयोजित टीकाकरण अभियान के शुभारंभ पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजय मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। डॉक्टर संजय मिश्रा ने बताया जबलपुर जिले में पहले 90 दिनों में 14-15 वर्ष आयु की 29,499 बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लगातार एचपीवी संक्रमण रहने पर लगभग 85% मामलों में सर्वाइकल कैंसर होने की आशंका रहती है। समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी की संभावना काफी कम की जा सकती है।







