खजरी खिरिया बाईपास पर भीषण हादसा,हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत

जबलपुर, यश भारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया बाईपास पर रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी हाईवा के नीचे फंस गई और लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।
घर्षण के कारण स्कूटी और हाईवा में आग लग गई। मौके पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने साहस दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को हाईवा के नीचे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी अपूर्वा चौरसिया एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






