हनुमानगंज पुलिस ने ढूंढ निकाले 12 लाख रुपये के 50 गुमशुदा मोबाइल, लौटाई चेहरों की मुस्कान

हनुमानगंज पुलिस ने ढूंढ निकाले 12 लाख रुपये के 50 गुमशुदा मोबाइल, लौटाई चेहरों की मुस्कान
भोपाल, यशभारत। खोए हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए हनुमानगंज थाना पुलिस देवदूत बनकर सामने आई है। पुलिस ने साइबर तकनीक और केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल का सटीक इस्तेमाल करते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए 50 एंड्रॉयड और स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां पीड़ितों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है, वहीं पुलिस की तकनीकी कार्यप्रणाली की भी सराहना हो रही है।
तकनीकी जाल में ऐसे फंसे मोबाइल
हनुमानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय में मोबाइल गुम होने की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने इन आवेदनों को ठंडे बस्ते में डालने के बजाय बेहद गंभीरता से लिया। साइबर टीम ने सभी मोबाइलों को तत्काल केंद्रीय पुलिस साइबर पोर्टल CEIR पर सर्चिंग के लिए एक्टिव डाल दिया। तकनीकी ट्रैकिंग के दौरान जैसे ही मोबाइलों के सिग्नल्स मिले, पुलिस ने उनके सीडीआर और कैफ रिपोर्ट खंगाली। इसके बाद घेराबंदी कर एक-एक कर सभी 50 मोबाइल फोन रिकवर कर लिए गए।







