सोना-चांदी में भारी गिरावट, एक सप्ताह में 11 हजार तक सस्ता हुआ सोना
चांदी के भाव में करीब 4,000 रुपये की गिरावट दर्ज

नई दिल्ली,एजेंसी। वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बीते एक सप्ताह में सोना करीब 11,000 रुपये तक सस्ता हुआ है, जबकि चांदी के दाम में 28,000 रुपये से अधिक की कमी आई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोना लगभग 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.32 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.27 लाख रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। एक ही दिन में चांदी के भाव में करीब 4,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (Comex) में भी सोने और चांदी के दाम में गिरावट देखने को मिली। सोना 2.47 प्रतिशत गिरकर 4,492 डॉलर प्रति औंस और चांदी 4.78 प्रतिशत गिरकर 67.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं कच्चा तेल 98.09 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
स्थानीय सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना 1,45,970 रुपये, 22 कैरेट 1,33,800 रुपये और 18 कैरेट सोना 1,09,480 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक परिस्थितियों और निवेशकों की बदलती रणनीति के कारण कीमती धातुओं के दाम में यह गिरावट देखने को मिल रही है।







