चाकू दिखाकर स्कूटी और मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

जबलपुर,यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर स्कूटी और मोबाइल लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी पहले से ही दूसरे मामले में जेल में बंद हैं। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई एक्सेस स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। लूटा गया मोबाइल अभी बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को फरियादी प्रियांशु मेहतो ने रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वीएफजे स्टेट स्थित धोबी घाट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसकी एक्सेस स्कूटी और मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 910/26 के तहत बीएनएस की धारा 309 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वरुण उर्फ आदर्श प्रजापति निवासी मोहास, बेलखाडू, कटंगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान के साथ मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसके नाना इंद्रा नगर में रहते हैं और वह उनसे मिलने आया था। नाना के घर से लौटते समय उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने 19 नवंबर को वरुण उर्फ आदर्श प्रजापति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई एक्सेस स्कूटी बरामद कर ली। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूटा गया मोबाइल उसने अपने एक साथी को दे दिया है। पुलिस अब मोबाइल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
मामले के अन्य आरोपी दीपांशु चौधरी और अरमान प्रधान पनागर थाना क्षेत्र में झपटमारी के एक अन्य प्रकरण में पहले से जेल में बंद हैं। रांझी पुलिस दोनों के खिलाफ वारंट जारी कराकर इस लूट के मामले में भी विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।







