जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

महिलाओं के झुमके लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच व अधारताल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की बाइक से देते थे वारदात को अंजाम, आठ लाख का माल बरामद

जबलपुर, यशभारत। शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर कानों के झुमके लूटने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बालिग और दो विधि-विवादित बालक शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, जिससे अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु केवट और संतोष कोरी के साथ दो विधि-विवादित बालक शामिल हैं। गिरोह ने 21 जून से 27 जून के बीच शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब छह झुमका लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल था, जिसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सबसे पहले समदड़िया मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर वे शहर के सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले आरोपियों ने चेन स्नेचिंग की वारदात की, लेकिन चेन नकली निकलने पर उन्होंने महिलाओं के कानों के झुमके लूटना शुरू कर दिया। झुमके छीनने के दौरान कई महिलाएं घायल भी हुईं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातें कबूल की हैं। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के झुमके, चोरी की बाइक सहित करीब आठ लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और रिमांड के दौरान शहर व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button