23 लाख के राशन की कालाबाजारी करने वाले सेल्समैन और अध्यक्ष पर हुई एफआईआर दर्ज

जबलपुर यशभारत।कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना के निर्देशन पर की गई परियट पिपरिया शासकीय उचित मूल्य की दुकान के अध्यक्ष और विक्रेता ने मिलकर अपनी दो दुकानों से 23 लाख रुपए के राशन की कालाबाजारी कर दी। उधर, हितग्राही दुकानों के चक्कर काटते रहे। उनकी पर्ची तो ले ली गई, लेकिन राशन नहीं मिला। हितग्राहियों की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम ने जांच कराने के बाद आरोपियों पर एफआइआर दर्ज कराई। दुकान की अध्यक्ष शहाना बेगम और विक्रेता इमरान मंसूरी है। पुलिस ने बताया कि नरसिंह शिक्षित बेरोजगार उपभोक्ता सहकारी भंडार की ओर से वार्ड-76 में शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 3316322 का संचालन किया जाता है। हितग्राहियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी कि दुकान अक्सर बंद रहने से राशन नहीं मिलता। टीम 13, 15 और 17 मई को परियट पिपरिया की दुकान गई, लेकिन वह बंद थी। वहां दुकान का पीला बोर्ड भी नहीं लगा था। अधिकारियों ने दुकान के पास से ही इमरान को फोन करके बुलाया, ताकि दुकान में मौजूद स्टॉक जांचा जा सके, लेकिन वह नहीं आया। वहीं एक टीम इसी सहकारी भंडार की चितरंजन दास वार्ड की दुकान का निरीक्षण करने 15 मई को ही पहुंची, तो वह भी बंद मिली। विक्रेताओं ने बताया कि राशन दुकान से उन्हें राशन नहीं दिया गया, लेकिन उनकी पर्ची निकाल ली गई। जांच में सामने आया कि दोनों दुकानों से आठ लाख 59 हजार रुपए का गेहूं, 14 लाख 82 हजार रुपए का चावल और दो हजार रुपए की शक्कर का आवंटन हितग्राहियों को नहीं किया गया। इस प्रकार दोनों ने मिलकर 23 लाख 44 हजार रुपए का गड़बड़झाला किया। जांच के बाद गोहलपुर थाने में कलेक्ट्रेट के सहायक आपूर्ति अधिकारी ने एफआइआर दर्ज कराई।







