भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में साइको हमलावर का खौफ: कटर से तीन छात्राओं को किया लहूलुहान

भोपाल में साइको हमलावर का खौफ: कटर से तीन छात्राओं को किया लहूलुहान
पिपलानी और अयोध्या नगर में आधे घंटे के भीतर वारदात; नकाबपोश बाइक सवार ने पहले की बहस, फिर पैर और चेहरे पर मारे कटर

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी और अयोध्या नगर इलाके में गुरुवार रात एक सिरफिरे बाइक सवार ने जमकर आतंक मचाया। नकाबपोश हमलावर ने महज 30 मिनट के भीतर अलग-अलग स्थानों पर टहल रही तीन कॉलेज छात्राओं पर कटर से जानलेवा हमला किया। हमले में दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि एक को मामूली चोट आई है। पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, लेकिन आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।

एसीपी अदिति भावसार के मुताबिक, पहली घटना रात 11 बजे पिपलानी की है। यहां रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा घर के पास टहल रही थी, तभी बाइक सवार युवक ने पास आकर उससे बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने कटर निकालकर छात्रा के पैर पर वार किया और भाग निकला। इसके बाद आरोपी ने अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक अन्य छात्रा को निशाना बनाया। छात्रा ने जब खुद को बचाने की कोशिश की, तो कटर उसकी नाक पर जा लगा।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। पुलिस को कुछ धुंधले सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, लेकिन चेहरा ढका होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। अयोध्या नगर टीआई महेश लिल्लारे ने बताया कि आरोपी के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है।

पुलिस इस मामले को साइको किलिंग के पैटर्न से जोड़कर देख रही है। आरोपी का मकसद लूटपाट या मोबाइल छीनना नहीं था, बल्कि वह केवल युवतियों को चोट पहुँचाने के इरादे से निकला था। घटना के बाद से ही दोनों इलाकों की कॉलोनियों में दहशत का माहौल है और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जाहिर की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button